![]() |
| Gaziabad-Crimenews-DelhiNCR |
क्राइम न्यूज, गाज़ियाबाद (गाडा टाइम्स): दिल्ली से सटे उत्तर प्रदेश के गाज़ियाबाद जिले से एक ऐसा खौफनाक मामला सामने आया है, जिसने पारिवारिक रिश्तों को पूरी तरह शर्मसार कर दिया है। यहाँ जायदाद और पैसे के अंधे लालच में एक कलयुगी बेटे ने अपने ही सगे पिता पर अंधाधुंध गोलियां बरसाकर उनकी बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी बेटे ने अपने पिता के शरीर में एक के बाद एक 6 गोलियां उतार दीं और पूरी पिस्टल खाली करने के बाद ही मौके से फरार हुआ।
150 करोड़ रुपये की प्रॉपर्टी के लिए किया मर्डर
मिली जानकारी के मुताबिक, मृतक बुजुर्ग का नाम हरिओम चौधरी था। उनके बेटे निखिल चौधरी की नजर अपने पिता की करोड़ों की संपत्ति पर थी। बताया जा रहा है कि हरिओम चौधरी ने पहले ही अपने बेटे निखिल के नाम पर मोदीनगर में करीब 75 बीघा की कीमती जमीन कर रखी थी। लेकिन निखिल का लालच यहीं नहीं रुका। वह अपने पिता की बाकी बची हुई करीब 150 करोड़ रुपये की पूरी प्रॉपर्टी भी तुरंत अपने नाम करवाना चाहता था। इसी बात को लेकर घर में अक्सर विवाद होता रहता था।
तसल्ली होने के बाद मौके से भागा आरोपी
घटना वाले दिन प्रॉपर्टी के विवाद को लेकर बात इतनी बढ़ गई कि निखिल ने अपनी पिस्टल निकाल ली। उसने अपने पिता हरिओम चौधरी पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। उसने तब तक ट्रिगर दबाया जब तक कि पिस्टल की पूरी मैगजीन खाली नहीं हो गई। पिता को कुल 6 गोलियां लगीं। जब आरोपी बेटे को पूरा यकीन हो गया कि उसके पिता की मौत हो चुकी है, वह तभी मौके से भागा।
8 साल पहले सगे भाई को भी मारी थी गोली
यह पहली बार नहीं है जब निखिल ने प्रॉपर्टी के लिए अपने ही परिवार के खून का प्यासा बना हो। पुलिस जांच में सामने आया है कि करीब 8 साल पहले भी उसने जायदाद के लालच में आकर अपने छोटे भाई नीशू पर जानलेवा हमला किया था और उसे गोली मार दी थी। हालांकि, उस वक्त नीशू की जान किस्मत से बच गई थी।
सगी माँ ने दर्ज कराई बेटे के खिलाफ FIR
इस दिल दहला देने वाली वारदात के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। सबसे दुखी और हैरान करने वाली बात यह है कि इस मामले में मृतक हरिओम चौधरी की पत्नी और आरोपी निखिल की सगी माँ, मीनाक्षी ने खुद पुलिस स्टेशन जाकर अपने ही बेटे के खिलाफ हत्या की नामजद FIR दर्ज कराई है। माँ ने पुलिस को बेटे की इस काली करतूत और लालच की पूरी कहानी बताई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी निखिल की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

Comments
Post a Comment